PTI
Read More
---विज्ञापन---
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कार्यक्रमों में वही बातें दोहराते हैं, जो उनकी पीआर टीम उन्हें लिखकर देती है. इंदौर में पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने राहुल गांधी के युवा संपर्क अभियान को ‘झूठ की गूंज’ बताया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में राहुल गांधी का संबोधन किसी पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) की तरह लगता है, जिसमें पहले से तैयार बातें दोहराई जाती हैं.
हेमांग जोशी ने दावा किया कि अगर यह तैयार ‘PPT’ हट जाए और कार्यक्रम में राहुल गांधी से कोई सवाल पूछ लिया जाए, तो वह जवाब नहीं दे पाएंगे. उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “जितनी चाबी भरी राम ने, उतना चले खिलौना.” जोशी ने राहुल गांधी के ‘भारत जोड़ो अभियान’ पर भी टिप्पणी की. उन्होंने इसे ‘भारत तोड़ो अभियान’ बताते हुए दावा किया कि इस अभियान के बाद कांग्रेस में ही टूट हुई.
भाजयुमो अध्यक्ष ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कर रहे थे, उसी दौरान डूसू चुनाव में ABVP ने अपनी जीत दर्ज की. जोशी ने कहा कि राहुल गांधी यह मान रहे हैं कि भारतीय युवा भी दूसरे देशों के युवाओं की तरह अराजकता के जरिए सत्ता हासिल करने की राजनीति में फंस जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि भारत के युवा राष्ट्रप्रेमी हैं और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं.
हेमांग जोशी मध्य प्रदेश में ‘सेवा संकल्प यात्रा’ में शामिल होने पहुंचे हैं. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकाली जा रही है.
राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित किया था. कार्यक्रम में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, छात्रों के सवाल और रोजगार जैसे मुद्दे उठाए थे. राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि देश में एक ऐसा ‘सिस्टम’ काम कर रहा है, जो छात्रों के सवाल पूछने से डरता है. उन्होंने यह भी कहा था कि यह व्यवस्था छात्रों के बजाय ‘अंधभक्त’ तैयार करना चाहती है. राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है. हेमांग जोशी का ताजा बयान भी इसी राजनीतिक प्रतिक्रिया का हिस्सा है.
न्यूज 24 पर पढ़ें मध्य प्रदेश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।