PTI
Read More
---विज्ञापन---
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में करीब 200 साल पुराने एक मंदिर में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है. चोर मंदिर से भगवान राम की अष्टधातु की मूर्ति समेत कुल 15 मूर्तियां चोरी कर ले गए. घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है. चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह मंदिर छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मातगंवा थाना क्षेत्र में सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है. स्थानीय लोगों के लिए यह मंदिर आस्था का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है. मातगंवा थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि ब्रह्मदेव मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शर्मा मंगलवार सुबह रोज की तरह पूजा करने पहुंचे थे. मंदिर में पहुंचने के बाद उन्हें चोरी का पता चला. उन्होंने देखा कि भगवान की छोटी-बड़ी 15 मूर्तियां मंदिर से गायब थीं.
पुजारी ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर का निरीक्षण किया. पुलिस ने चोरों का सुराग लगाने के लिए खोजी कुत्तों की टीम को भी बुलाया. पुलिस के मुताबिक, चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे. इसके बाद उन्होंने भगवान राम की अष्टधातु की मूर्ति समेत अन्य छोटी-बड़ी मूर्तियां चोरी कर लीं. मंदिर से भगवान के दो सिंहासन भी गायब मिले हैं.
मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर करीब 200 साल पुराना है और यहां स्थापित रामलला की मूर्ति अष्टधातु से बनी हुई थी. चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है. थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्ध स्थानों पर जाकर जांच कर रही हैं. साथ ही, आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस चोरी हुई मूर्तियों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.
न्यूज 24 पर पढ़ें मध्य प्रदेश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।