---विज्ञापन---

इंग्लैंड में अनोखी डिलीवरी, अस्पताल जाते समय KFC की पार्किंग में हुआ बच्चे का जन्म, रखा यूनिक नाम

इंग्लैंड में अस्पताल जाते समय एक महिला ने KFC की पार्किंग में बेटे को जन्म दिया. बच्चे का नाम कोडी रखा गया और उसे ‘कर्नल कोडी’ निकनेम मिला.

---विज्ञापन---

इंग्लैंड में एक कपल अपने बच्चे के जन्म के लिए अस्पताल जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही डिलीवरी हो गई. हालत ऐसी बनी कि उन्हें कार एक KFC रेस्टोरेंट की पार्किंग में रोकनी पड़ी. एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही बच्चे का जन्म हो गया. अब इस अनोखी घटना के कारण बच्चे को एक खास निकनेम भी मिल गया है. यह मामला इंग्लैंड के वॉर्सेस्टरशायर के ब्रोम्सग्रोव का है. 33 साल की केटी मर्फी और उनके पार्टनर स्टीफन किर्बी 29 अगस्त को अस्पताल जा रहे थे. दोनों का पहले से एक 4 साल का बच्चा भी है.

पहले अस्पताल गई थीं केटी, फिर घर लौट आईं

केटी को 29 अगस्त की सुबह ही लेबर पेन शुरू हो गया था. इसके बाद वह अस्पताल गईं, लेकिन वहां डॉक्टरों ने बताया कि अभी डिलीवरी का समय नहीं आया है. इसके बाद वह और स्टीफन करीब शाम 4 बजे घर लौट आए. हालांकि, केटी का दर्द लगातार बना रहा. रात करीब 9 बजे दोनों ने एक बार फिर अस्पताल जाने का फैसला किया. अस्पताल पहुंचने में करीब 30 मिनट लगने थे. रास्ते में ही केटी को महसूस हुआ कि अब बच्चे का जन्म होने वाला है.

---विज्ञापन---

KFC की पार्किंग में रोकनी पड़ी कार

स्टीफन उस समय इमरजेंसी सर्विस से फोन पर बात कर रहे थे. तभी उन्हें रास्ते में एक KFC रेस्टोरेंट दिखाई दिया, जहां दोनों अक्सर जाते थे. उन्होंने तुरंत कार उसकी पार्किंग में रोक दी. एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही डिलीवरी हो गई. स्टीफन कार की दूसरी तरफ पहुंचे और उन्होंने नवजात बच्चे को संभाला. रात करीब 9:35 बजे बेटे कोडी का जन्म हुआ. करीब पांच मिनट बाद एंबुलेंस वहां पहुंची और मां-बेटे को अस्पताल ले जाया गया. केटी के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. उन्होंने बताया कि कोडी स्वस्थ और बिल्कुल ठीक है.

बच्चे का नाम कोडी, निकनेम पड़ा ‘कर्नल कोडी’

कपल ने अपने बेटे का नाम कोडी रखा. लेकिन जिस जगह उसका जन्म हुआ, उसी वजह से परिवार और दोस्तों ने उसे प्यार से ‘कर्नल कोडी’ कहना शुरू कर दिया. यह निकनेम KFC के मशहूर संस्थापक कर्नल हारलैंड सैंडर्स के नाम से जुड़ा है. केटी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब परिवार ने तय किया है कि कोडी का पहला जन्मदिन KFC में मनाया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि शायद बड़ा होने पर उसका पहला वीकेंड जॉब भी वहीं हो.

---विज्ञापन---

KFC ने परिवार को भेजे गिफ्ट और वाउचर

कोडी के जन्म की खबर KFC तक भी पहुंची. कंपनी के प्रवक्ता ने परिवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्हें खुशी है कि कोडी के जन्म की जगह KFC बना. KFC ने परिवार को अपने कुछ मर्चेंडाइज और वाउचर भेजने की भी बात कही. कंपनी ने कहा कि वह इस खास मौके को सेलिब्रेट करने के लिए परिवार का दोबारा रेस्टोरेंट में स्वागत करना चाहती है. केटी के लिए यह डिलीवरी निश्चित तौर पर वैसी नहीं थी जैसी उन्होंने सोची थी. लेकिन अब कोडी के पास बड़े होने पर अपने दोस्तों को सुनाने के लिए जन्म से जुड़ी एक बेहद अनोखी कहानी जरूर है.

First published on: Sep 22, 2026 05:39 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola