---विज्ञापन---

लगातार 120 दिन ऑफिस में काम… एक भी छुट्टी नहीं, सीनियर्स की प्रताड़ना से परेशान महिला कर्मचारी ने दी जान

कर्नाटक के मैसूर में 42 वर्षीय महिला की मौत के बाद कार्यस्थल पर कथित प्रताड़ना का मामला सामने आया है. सुसाइड नोट में महिला ने आरोप लगाया कि उसे करीब 120 दिनों तक साप्ताहिक अवकाश नहीं मिला और बिना गलती के सीनियर्स द्वारा परेशान किया जाता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

---विज्ञापन---

कर्नाटक के मैसूर से कार्यस्थल पर कथित प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक 42 वर्षीय महिला की मौत के बाद उसके कथित सुसाइड नोट ने नौकरी के दौरान मिलने वाले दबाव और व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. महिला ने आरोप लगाया कि उसे लगातार काम कराया गया, करीब चार महीने तक साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया गया और ऐसी गलतियों के लिए भी जिम्मेदार ठहराया गया, जिनसे उसका कोई संबंध नहीं था. पुलिस अब मौत के साथ-साथ कार्यस्थल पर उत्पीड़न के आरोपों की भी जांच कर रही है.

हिनाकल के मार्ट में करती थी काम

मृतक महिला की पहचान नागेश्वरी के रूप में हुई है. वह मैसूर के हिनाकल इलाके में स्थित एक मार्ट में प्रोडक्ट प्रमोटर के तौर पर काम करती थी. रिपोर्ट के मुताबिक, उसे PPMS एजेंसी के माध्यम से यह नौकरी मिली थी. परिवार का कहना है कि घटना से पहले करीब 15 दिनों से नागेश्वरी मानसिक रूप से परेशान थी. उसने घरवालों को बताया था कि कार्यस्थल पर उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जा रहा है.

---विज्ञापन---

चार महीने से नहीं मिला वीक ऑफ

कथित सुसाइड नोट में नागेश्वरी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए. उसका कहना था कि उसे ऐसे मामलों के लिए भी डांटा और परेशान किया जाता था, जिनमें उसकी कोई गलती नहीं होती थी. उसने यह भी आरोप लगाया कि करीब 120 दिनों तक उसे एक भी साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया गया. इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी छुट्टी लेने की अनुमति भी नहीं मिली.

डॉली नाम की सुपरवाइजर करती थी परेशान

महिला ने अपने सुसाइट नोट में डॉली नाम की एक सुपरवाइजर का भी जिक्र किया है. महिला ने आरोप लगाया है कि कार्यस्थल पर अपने साथ हो रहे व्यवहार को लेकर सवाल उठाने के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया. परिवार का कहना है कि लगातार दबाव और कथित उत्पीड़न के कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ती चली गई.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें- पहले गार्ड की हत्या, फिर कारोबारी परिवार का नंबर… जुहू में खौफनाक साजिश का पर्दाफाश, वारदात से पहले पुलिस ने दबोचे 5 आरोपी

मां ने की कार्रवाई की मांग

नागेश्वरी की मां रत्नाम्मा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को छोटी-छोटी बातों पर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था. उन्होंने कहा कि बेटी पिछले करीब 15 दिनों से काफी तनाव में थी और उसने घर पर काम की जगह पर होने वाली परेशानियों के बारे में बताया था. परिवार ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग की है.

---विज्ञापन---

पुलिस के अनुसार, मामला मैसूर के विजयनगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस महिला की मौत के कारणों के साथ-साथ उसके द्वारा लगाए गए कार्यस्थल पर प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के आरोपों की सच्चाई क्या थी और उसकी मौत के लिए कौन जिम्मेदार है.

First published on: Aug 09, 2026 12:21 PM

End of Article

About the Author

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola