---विज्ञापन---

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, जान बचाने को बालकनी से कूदे छात्र; 15 लोगों की मौत

चश्मदीदों ने बताया कि इमारत के भीतर हालात बेहद नाजुक और भयावह हो चुके थे. दम घुटने और आग की लपटों से घिरने के कारण छात्रों के पास कोई रास्ता नहीं बचा था.

---विज्ञापन---

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हुईं कि उन्होंने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना ने बेहद डरावनी स्थिति तब पैदा कर दी, जब इमारत की ऊपरी मंजिल पर चल रहे एक कोचिंग सेंटर तक आग और धुएं का गुबार पहुंच गया. इसके बाद अंदर मौजूद छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर हर तरफ चीख-पुकार मच गई.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग काले और घने धुएं से भर गई. कोचिंग सेंटर के भीतर मौजूद बच्चों को बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं मिल रहा था, जिसके चलते वे अंदर ही फंस गए. आग के चलते इस हादसे में 15 लोगों की जान चली गई.

---विज्ञापन---

जान बचाने के लिए खिड़की-बालकनी से कूदे छात्र

चश्मदीदों ने बताया कि इमारत के भीतर हालात बेहद नाजुक और भयावह हो चुके थे. दम घुटने और आग की लपटों से घिरने के कारण छात्रों के पास कोई रास्ता नहीं बचा था. खुद को सुरक्षित रखने और जान बचाने की जद्दोजहद में कुछ लोग बालकनी और छतों से नीचे कूदने को मजबूर हो गए. इमारत से उठते धुएं और बच्चों की बेबसी को देखकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

देवदूत बनकर आए पड़ोसी

इस हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासी और आस-पास के लोग बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमों के आने से पहले इन स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में बेहद अहम भूमिका निभाई. उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए इमारत में फंसे कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसी बीच दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही फायर फाइटर्स और पुलिस बल बिना किसी देरी के घटना स्थल पर पहुंचे और फौरन राहत कार्य और आग बुझाने का काम शुरू किया.

---विज्ञापन---

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत इस मामले का संज्ञान लिया. सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटना स्थल पर पहुंचने और खुद खड़े होकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के सख्त निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को आदेश दिया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए हर मुमकिन कदम उठाए जाएं. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत और बेहतर से बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाए. मुख्यमंत्री ने घायलों के प्रति गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

सीएम योगी ने रद्द किया अलीगढ़ दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अलीगढ़ आए थे, लेकिन हादसे की जानकारी मिलने के बाद वे तुरंत अपना दौरा रद्द करके लखनऊ के लिए निकल गए.

---विज्ञापन---

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पूरा प्रशासनिक अमला हाई अलर्ट पर है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी तरह की बाधा न आए और हर एक शख्स को सुरक्षित निकाला जा सके. दमकल और पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ ग्राउंड पर डटी हुई हैं और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

हालांकि, इस बिल्डिंग में यह भीषण आग किस वजह से लगी, इसके पुख्ता कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने की असली वजह की जांच में जुट गई हैं.

---विज्ञापन---

First published on: Jun 22, 2026 05:09 PM

End of Article

About the Author

Arif Khan

आरिफ खान मंसूरी न्यूज 24 में बतौर डिप्टी न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. आरिफ को डिजिटल पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा अनुभव हैं. उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लगातार तीन लोकसभा चुनाव के अलावा पिछले 15 सालों में देशभर में हुए विधानसभा चुनावों की भी व्यापक कवरेज की है. न्यूज 24 से पहले उन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी, यहां देश, दुनिया और पॉलिटिक्स की खबरों पर काम किया. आरिफ ने इसके बाद इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप की हिंदी वेबसाइट जनसत्ता के साथ अपनी पारी शुरू की. इसके बाद उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स की हिंदी न्यूज वेबसाइट लाइवहिंदुस्तान ज्वाइन कर लिया. लाइवहिंदुस्तान.कॉम के बाद वह एनडीटीवी ग्रुप के साथ जुड़ गए. एनडीटीवी में करीब छह साल तक काम करने के बाद न्यूज24 के साथ जुड़ गए. न्यूज24 में भी होमपेज की जिम्मेदारी संभालते हैं. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से कला संकाय में स्नातक और मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की है. आरिफ देश, विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरों के अलावा एक्सप्लेनर लिखने में भी माहिर हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola