बिहार के जमुई में 10वीं क्लास की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस नंदन यादव और हरेराम यादव को पकड़ने पहुंची थी. तभी पुलिस को देखकर वे भागने लगे. पुलिस एनकाउंटर में दोनों के पैरों में गोली लगी है. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. इनसे पहले तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से दो की उम्र 17-18 साल के बीच है. जमुई के सब-डिविजनल पुलिस अफसर की देखरेख में इस मामले की जांच के लिए एक एसआईटी भी बनाई गई है.
पुलिस ने अब तक इस घटना से जुड़े सात से आठ लोगों की पहचान कर ली है. आरोपियों के क्रिमिनल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. पुलिस वीडियो की जांच कर रही है. दूसरे आरोपियों की भी पुलिस तलाश कर रही है.
यह भी पढ़ें : जमुई में लड़की से बदसलूकी के मामले में पकड़े गए 3 नाबालिग लड़के, 2 अन्य की तलाश जारी
120 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक्शन
पुलिस ने उन सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है, जिन्होंने यह वीडियो वायरल किया है. इसमें फेसबुक अकाउंट, इंस्टाग्राम अकाउंट और एक्स अकाउंट शामिल हैं, जिनके खिलाफ एक्शन शुरू किया गाय है. पुलिस ने चेतावनी दी कि किसी नाबालिग की पहचान या चेहरा दिखाने वाला वीडियो फैलाना एक अपराध है. ऐसा करते पाए जाने वालों पर POCSO एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 74 के तहत एक्शन होगा.
वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना को लेकर काफी गुस्सा देखा गया. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मांग की है कि इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जाए और उन पर POCSO के तहत मुकदमा चलाया जाए. उन्होंने गिरफ्तारियों में देरी पर भी सवाल उठाए और बिहार में सार्वजनिक सड़कों पर लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.
कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा. कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने इस घटना को बिहार में ‘जंगल राज’ का उदाहरण बताया है.
यह भी पढ़ें : दोस्त संग घूमने गई थी 10वीं की छात्रा, रास्ते में युवकों ने की बदसलूकी; VIDEO वायरल होने पर हरकत में पुलिस
क्या है पूरा मामला?
जमुई में 10वीं क्लास में पढ़ने वाले एक लड़का और लड़की शनिवार शाम को अपनी कोचिंग क्लास के बाद मडवा पहाड़ पर घूमने गए थे. स्कूटर से लौटते वक्त जमुई-लखीसराय मेन रोड से करीब तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी इलाके में कुछ लोगों के एक ग्रुप ने उन्हें रोक लिया. उन लोगों ने दोनों नाबालिगों के साथ बदसलूकी की. इसके बाद उन्हें स्कूटर से नीचे उतारा और उनके साथ मारपीट की. जब छात्र भागने की कोशिश करने लगे तो उन लोगों ने उनका पीछा किया.
उन लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक आदमी लड़के की शर्ट का कॉलर पकड़कर उसे अपनी तरफ खींचने की कोशिश कर रहा है. फिर लड़की उसकी मदद करती है और दोनों भागने की कोशिश करते हैं. लेकिन उन्हें भागकर दोबारा पकड़ लिया जाता है.
वहीं, एक और आदमी लड़की की गर्दन पकड़कर उसे ऊपर उठाता हुआ भी दिख रहा है. लड़का बीच-बचाव करता है और उसे खींचकर दूर ले जाता है. इस दौरान एक आदमी लड़की को गलत तरीके से छूता हुआ भी दिखाई देता है. उन लोगों ने नाबालिगों को माफी मांगने के लिए भी मजबूर किया और फिर उन्हें जाने दिया. लड़की इस दौरान लगातार उनसे छोड़ने की गुहार लगा रही थी.