आर्थिक तंगी से जूझ रही पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) ने अपने कैबिन क्रू मेंबर्स के लिए नई ड्रेस लॉन्च की है. एयरलाइन के इस ऐलान के बाद पाकिस्तानियों ने ही PIA के इस फैसले का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं कि ड्रेस तो बाद में बदल लेते, पहले कम से कम विमानों की हालत तो ठीक कर लेते. वहीं, कई यूजर्स ने एयरलाइन के ऑपरेशन, कस्टमर सर्विस और दूसरी सर्विस को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
PIA ने क्रू मेंबर्स की नई ड्रेस का ऐलान करते हुए बताया कि 16 सितंबर को नौ पाकिस्तानी डिजाइनरों ने नई यूनिफॉर्म के लिए अपने आइडिया दिखाए. PIA ने इस शोकेस का एक वीडियो शेयर करते हुआ कहा कि डिजाइनरों ने 'फैशन, फंक्शनैलिटी, आइडेंटिटी और परपज' को मिलाकर एयरलाइन की भविष्य की ड्रेस के लिए अपनी सोच को हकीकत का रूप दिया है.
---विज्ञापन---
एयरलाइंस के इस ऐलान के बाद पाकिस्तानियों ने उसकी ड्रेस की ओर ध्यान देने की बजाय उसकी सर्विसेज को लेकर मजाक उड़ाना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि PIA नई ड्रेस पर ध्यान देने की बजाय विमानों की हालत, काम करने का तरीका और दी जाने वाली सर्विसेज में सुधार क्यों नहीं किया गया.
कैसे उड़ रहा मजाक?
एक यूजर ने लिखा, 'सिस्टम, विमानों, सर्विस और सबसे जरूरी चीज रेपुटेशन को बेहतर बनाने पर ज्यादा मेहनत करनी चाहिए थी.' एक अन्य यूजर ने लिखा है, 'PIA को नई ड्रेस की जरूरत नहीं है. इसे एक नई ऑपरेशन टीम, अकाउंटेबिलिटी, कस्टमर सर्विस और ऐसी इन-फ्लाइट सर्विस की जरूरत है जो सजा जैसी न लगे. नए कपड़े खराब कामकाज को ठीक नहीं कर सकते.'
---विज्ञापन---
ऐसे ही एक यूजर ने नई ड्रेस लॉन्च करने के फैसले पर निशाना साधते हुए कहा, 'वाह! समय, पैसे और संसाधनों की कितनी जबरदस्त बर्बादी है. जब PIA सच में बहुत अच्छी थी, तब वे ऐसे बेवकूफी भरे इवेंट्स पर एक रुपया भी खर्च नहीं करते थे. डिजाइनर एयरलाइन को नहीं बचा पाएंगे. ईमानदारी, कड़ी मेहनत और काबिलियत ही इसे बचाएगी.'
'तस्करी रोकें, अच्छी इमेज बनाएं'
वहीं, एक यूजर ने लिखा है, 'आपको क्या लगता है कि नई यूनिफॉर्म लॉन्च करने से हम PIA में सफर करेंगे? प्लीज स्टाफ को ट्रेनिंग दें, हवाई जहाजों का रखरखाव करें और समय की पाबंदी का ध्यान रखें. तस्करी रोककर और साफ-सुथरा, सुखद सफर का अनुभव देकर अपनी इमेज बनाएं. हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि एयर होस्टेस क्या पहन रही हैं.'
---विज्ञापन---
एक और यूजर ने लिखा है कि नई यूनिफॉर्म तो बाद की बात है! आपको हवाई जहाज की सुविधाओं, क्रू की कस्टमर सर्विस और समय की पाबंदी पर काम करने की जरूरत है.
---विज्ञापन---