नवी मुंबई से श्रीनगर के बीच चलने वाला इंडिगो का एक हवाई जहाज शुक्रवार सुबह श्रीनगर हवाई अड्डे पर पार्किंग के दौरान एक खंभे से टकरा गया. यह घटना उस समय हुई जब विमान को यात्रियों को उतारने के बाद हवाई अड्डे पर निर्धारित जगह पर खड़ा किया जा रहा था. हादसे में विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान में सवार किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 225 (वीटी-एनओजी) सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर श्रीनगर हवाई अड्डे के ‘बे’ नंबर छह पर खड़ी की जा रही थी. इसी दौरान विमान हवाई अड्डे पर लगे ‘विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम’ (वीडीजीएस) के एक खंभे से टकरा गया.
---विज्ञापन---
विमान को पार्क करने के लिए हवाई अड्डे पर अलग-अलग ‘बे’ बनाए जाते हैं. ‘बे’ वह निर्धारित जगह होती है जहां विमान को उड़ान के बाद खड़ा किया जाता है. विमान को पार्किंग की जगह तक ले जाते समय वीडीजीएस पायलट और ग्राउंड स्टाफ को विमान की सही स्थिति बताने में मदद करता है.
एएआई ने बताया कि टक्कर के बाद विमान में मौजूद सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित थे. किसी के घायल होने की खबर नहीं है. सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित बाहर उतारा गया. हादसे के बाद विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, नुकसान कितना हुआ है और विमान को दोबारा उड़ान के लिए कब तक तैयार किया जा सकेगा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
---विज्ञापन---
एएआई ने कहा कि घटना की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी. जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि विमान पार्किंग के दौरान खंभे से किस वजह से टकराया. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. एएआई के मुताबिक, इस घटना का श्रीनगर हवाई अड्डे के सामान्य संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा. हवाई अड्डे पर विमानों का आना-जाना सामान्य रूप से जारी रहा और उड़ानें अपने निर्धारित समय के अनुसार संचालित होती रहीं.
---विज्ञापन---